390 ग्राम अवैध हेरोइन, एक मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल व 510 रूपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देशन में मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट गाजीपुर की टीम ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर मिर्जापुर जिले कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित भोरसर गांव के पास से एक तस्कर को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। एएनटीएफ टीम को पकड़े गए आरोपी के पास से 390 ग्राम अवैध हेरोइन, एक मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल व 510 रूपए की नकदी बरामद हुई है। बरामद अवैध हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में अस्सी लाख रुपए के करीब बताई जा रही है।
एएनटीएफ यूनिट के उपनिरीक्षक शमी अशरफ शेख के मुताबिक शुक्रवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल की डिग्गी में अवैध मादक पदार्थ रखकर मिर्जापुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित भोरसर गांव के पास मौजूद है जो किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
इस सूचना पर उपनिरीक्षक शमी अशरफ शेख मुख्य आरक्षी संजय सिंह, कांस्टेबल जयंत कुमार सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार चौरसिया, कांस्टेबल अजीत कुमार, कांस्टेबल प्रदीप कुमार, कांस्टेबल देवानंद, कांस्टेबल इन्द्र पाल सिंह व कांस्टेबल शिवांश तथा स्थानीय कोतवाली में तैनात चौकी प्रभारी करनपुर अरविंद कुमार की संयुक्त टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेरेबंदी कर उक्त व्यक्ति को धरदबोचा।
उपनिरीक्षक शमी अशरफ शेख के मुताबिक पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र स्थित रामपुर तैती गांव निवासी अनिल कुमार सोनकर पुत्र मुन्नू सोनकर बताया।
पकड़े गए तस्कर ने पुलिस को बताया कि वह इस गोरखधंधे में काफी दिनों से लिप्त और अवैध हेरोइन की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर अपने आसपास के इलाकों में बेचने की बात स्वीकार किया है।




