मलिहाबाद लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के थाना रहीमाबाद क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 10:00 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से सवारियां भरकर हरदोई की ओर जा रही एक निजी बस को भतोइया गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार महिंद्रा पिकअप डाला ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा की लेन पर चली गई, और पीछे-पीछे पिकअप भी दूसरी पटरी पर जा पहुंचा। हादसे के समय बस में करीब 25 यात्री सवार थे।
पिकअप चालक विपिन को अचानक झपकी आ जाने के कारण पिकअप अनियंत्रित हो गई और आगे चल रही बस से जा टकराई।
दुर्घटना में बस कंडक्टर, सुदामा निवासी मलिहाबाद कस्बा, विपिन पिकअप चालक, निवासी हरदोई) अजय और राम सहाय (पिकअप चालक विपिन के बेटे, एराज (बस चालक, निवासी जिंदौर, रहीमाबाद) एवं अन्य यात्री घायल हो गए।
पुलिस कार्रवाई: सूचना मिलते ही रहीमाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल कंडक्टर सुदामा, पिकअप चालक विपिन और उनके दोनों बेटों को मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया।
यात्रियों की आपबीती मुन्ना गुप्ता (निवासी बालामऊ): “बस में लगभग 25 लोग सवार थे और हम सब बालामऊ जा रहे थे। अचानक पीछे से जोर का झटका लगा।”
रामपति (निवासी मिश्रिख): “मैं अपने दो मासूम पोतों (अंकित और आशु) के साथ गांव जा रही थी। हादसा इतना भयानक था कि समझ ही नहीं आया कि बस कब दूसरी लेन में चली गई। भगवान का शुक्र है कि बच्चों को गंभीर चोट नहीं आई।”
राजपाल (निवासी हरदोई): “हादसा किस पल हो गया, पता ही नहीं चला। हम लोग बाल-बाल बच गए।”
पुलिस ने मौके से वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।





