औरास उन्नाव। (संवाददाता) पवित्र सावन माह के सोमवार के अवसर पर औरास क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बनारसी तीर्थ स्थल पर शिव भक्तों का तांता लगा रहा। सुबह से ही मंदिर परिसर भगवान भोलेनाथ के जयकारों से गुंजायमान रहा। दर्शन और पूजन के लिए दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए विशेष इंतजाम देखने को मिले।
इस पावन अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रवीण रावत ने बनारसी तीर्थ स्थल पहुंचे सभी शिव भक्तों को फल वितरित किए। उन्होंने कतार में लगे और दर्शन कर बाहर निकले श्रद्धालुओं को केला, सेब आदि फलों का प्रसाद वितरित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रवीण रावत द्वारा की गई इस निस्वार्थ सेवा से आए हुए श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे। सभी शिव भक्तों ने इस सेवा कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उनका हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।
इस दौरान स्थानीय लोगों और सेवादारों ने भी व्यवस्था बनाने में सहयोग किया, जिससे धार्मिक अनुष्ठान शांतिपूर्वक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।





