November 7, 2026 10:56 pm

मुख्यमंत्री उद्यमी मित्र योजना में मेरिट सूची के आधार पर 29 अभ्यर्थियों का चयन

उद्यमी मित्र चयन की बहु-स्तरीय प्रक्रिया पूरी, निवेश सुविधा तंत्र को मिलेगा बढ़ावा

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री उद्यमी मित्र योजना के तहत उद्यमी मित्र परीक्षा-2026 की अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी करते हुए 29 अभ्यर्थियों का चयन किया है। इन चयनित अभ्यर्थियों को अंतिम मेरिट सूची के आधार पर नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। इन्वेस्ट यूपी ने 14 अगस्त, 2026 को परीक्षा का अंतिम परिणाम एवं चयन सूची जारी की।

यह चयन 31 जनवरी, 2023 को जारी शासनादेश में निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया है। योजना का उद्देश्य प्रदेश में निवेश सुविधा और औद्योगिक परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए जमीनी स्तर पर संस्थागत सहयोग को मजबूत करना है। नए उद्यमी मित्र निवेशकों, उद्यमियों और उद्योगों के साथ समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

126 अभ्यर्थी साक्षात्कार तक पहुंचे, 29 का अंतिम चयन

चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, व्यावसायिक अनुभव, विशिष्ट उपलब्धियों तथा डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (।ज्ञज्न्) द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा में प्रदर्शन को शामिल किया गया। इन सभी मानकों के आधार पर संयुक्त मेरिट सूची तैयार की गई, जिसके बाद 126 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।

साक्षात्कार और आवश्यक अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 29 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से चयनित किया गया। भविष्य में किसी पद के रिक्त होने की स्थिति में चयन प्रक्रिया को निरंतर बनाए रखने के लिए प्रतीक्षा सूची भी तैयार की गई है।

निवेश सुविधा और परियोजनाओं के क्रियान्वयन को मिलेगा बल

नवनियुक्त उद्यमी मित्र यूपी के निवेश सुविधा तंत्र को मजबूत करेंगे, जब उत्तर प्रदेश मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मास्युटिकल्स, नवीकरणीय ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, डिफेंस, डेटा सेंटर और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में बड़े निवेश आकर्षित कर रहा है।

उद्यमी मित्र निवेशकों और संबंधित सरकारी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने, परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याओं के समाधान और निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने में सहयोग करेंगे। इससे परियोजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन, निवेश को वास्तविक उत्पादन में बदलने और रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

अभ्यर्थी इन्वेस्ट यूपी के करियर पेज पर उपलब्ध आधिकारिक अधिसूचना के माध्यम से अंतिम परिणाम एवं चयन सूची देख सकते हैं। यह नियुक्तियां उत्तर प्रदेश के निवेश सुविधा तंत्र को और मजबूत करते हुए औद्योगिक विकास, निवेश क्रियान्वयन और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!