November 7, 2026 10:44 pm

एमएसएमई के लिए सरकारी खरीद का बाजार बढ़ाने का अवसर, लखनऊ में 20-21 अगस्त को वेण्डर विकास कार्यक्रम

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को सरकारी विभागों एवं सार्वजनिक उपक्रमों के लिए विक्रेता/आपूर्तिकर्ता के रूप में विकसित करने तथा उनके उत्पादों एवं प्रौद्योगिकी को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एमएसएमई-विकास कार्यालय, कानपुर द्वारा 20 एवं 21 अगस्त, 2026 को पीएचडी हाउस, विभूति खंड, गोमती नगर, लखनऊ में वेण्डर विकास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

 

भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों हेतु सार्वजनिक खरीद नीति आदेश-2012 के तहत केन्द्र सरकार के मंत्रालयों, विभागों एवं केन्द्रीय सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों से 25 प्रतिशत खरीद अनिवार्य की गई है। इससे एमएसएमई इकाइयों के लिए सरकारी एजेंसियों के विक्रेता के रूप में पंजीकृत होकर अपने उत्पादों का बाजार विस्तार करने का महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध हुआ है।

 

कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को केन्द्र सरकार के मंत्रालयों, विभागों एवं केन्द्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के लिए संभावित विक्रेता एवं आपूर्तिकर्ता के रूप में विकसित करना है। इसके साथ ही एमएसई क्षेत्र के उत्पादों, सेवाओं एवं प्रौद्योगिकी को प्रदर्शित करने के लिए लगभग 20 स्टालों की औद्योगिक प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।

 

इस कार्यक्रम में NTPC, GAIL, HAL, RDSO, BHEL, ALIMCO, RBI, NABARD, BIS, IIP, EXIM Bank, राष्ट्रीयकृत बैंक तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के प्रौद्योगिकी विकास केन्द्र सहित विभिन्न सरकारी विभागों एवं बड़ी औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे।

 

प्रतिभागी संस्थाएं अपनी खरीद आवश्यकताओं के साथ-साथ क्रय नीति, विक्रेता पंजीकरण प्रक्रिया एवं एमएसएमई इकाइयों के लिए उपलब्ध अवसरों के संबंध में जानकारी देंगी तथा उद्यमियों के साथ संवाद करेंगी। कार्यक्रम से एमएसएमई इकाइयों को सरकारी खरीद प्रणाली को समझने, संबंधित संस्थाओं से सीधे संपर्क स्थापित करने और अपने उत्पादों के लिए नए बाजार तलाशने में मदद मिलेगी।

 

एमएसएमई-विकास कार्यालय, कानपुर ने प्रदेश के सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों से इस वेण्डर विकास कार्यक्रम में प्रतिभाग कर सरकारी खरीद के अवसरों का लाभ उठाने तथा अपने व्यवसाय के विस्तार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया है।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!