नाकाम हुई आईएसआई की बड़ी आतंकी साजिश
ए अहमद सौदागर लखनऊ। देश की एकता, संप्रभुता और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई की एक और बड़ी आतंकी साजिश को उत्तर प्रदेश पुलिस, एटीएस और एसटीएफ ने केंद्रीय जांच एजेंसियों के साथ मिलकर बेनकाब कर दिया है। सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को बरगलाकर आतंकी नेटवर्क खड़ा करने वाले पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके गुर्गों के खिलाफ यूपी पुलिस ने निर्णायक कार्रवाई करते हुए अब तक 12 एफआईआर दर्ज कर 52 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
एडीजी क़ानून व्यवस्था अमिताभ यश नें बताया कि इस नेटवर्क पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए यूपी पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों को यूएपीए के तहत आतंकी घोषित करने का आग्रह किया है. जांच में सामने आया है कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी अपने प्रमुख साथियों आबिद जट्ट, हम्माद मेमन उर्फ हम्माद बरकाती, जावेद पाकिस्तानी, रजा भाई, अजमल गुर्जर, राशिद भट्टी, राणा हुनैन सहित मेजर इकबाल, मेजर हमीद और मेजर अनवर के जरिए भारतीय युवाओं को सोशल मीडिया पर जोड़ रहा था।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए लगातार रेडिकलाइज बनाया जा रहा था. इस नेटवर्क का मकसद हिंदू धार्मिक नेताओं, एक्स-मुस्लिमों, राजनेताओं और पुलिसकर्मियों की हत्या करना तथा बीजेपी/आरएसएस कार्यालयों, थानों व संवेदनशील ठिकानों पर पेट्रोल बम, ग्रेनेड से हमले कराकर दहशत फैलाना था. युवाओं से पहले रेकी, आगजनी और विवादित पोस्टर चिपकवाए जाते थे, फिर उनसे बड़े आतंकी हमले कराने की योजना थी। 26 मई 2026 को यूपी पुलिस व केंद्रीय एजेंसियों ने मिलकर प्रदेश भर में बड़ा ऑपरेशन चलाकर नेटवर्क से जुड़े करीब 175 संदिग्धों को खंगाला।अब तक तक लखनऊ एटीएस, हापुड़, गाजियाबाद और बिजनौर में कुल 12 मुकदमे दर्ज कर 52 अभियुक्तों को दबोचा गया. इनके कब्जे से विदेशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, चाकू, ज्वलनशील लिक्विड पेट्रोल बम सामग्री और भड़काऊ पोस्टर बरामद हुए. नेटवर्क के लगभग 60 संदिग्धों पर 127 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई है. स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चलाए गए सर्च ऑपरेशन में नेटवर्क से जुड़े 62 संदिग्धों को चिन्हित कर कड़ी पूछताछ की गई।
एडीजी अमिताभ यश नें बताया कि जुलाई 2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को आधिकारिक पत्र भेजा है।इसमें विधि विरुद्ध क्रियाकलाप निवारण अधिनियम-1967 की धारा 35 के तहत प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए शहजाद भट्टी नेटवर्क और इसके सक्रिय सदस्यों को औपचारिक रूप से आतंकवादी घोषित कर अधिनियम की चौथी अनुसूची में शामिल करने का अनुरोध किया गया है।आईएसआई के इशारे पर भारत में आतंकी साजिश रच रहे पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी नेटवर्क पर यूपी पुलिस व एटीएस ने बड़ा प्रहार किया है।गृह मंत्रालय को पत्र भेजकर पूरे नेटवर्क को आतंकी संगठन घोषित करने की मांग की गई है।





