घंटे भर तक चलता रहा मान-मनौव्वल, कार्रवाई के आश्वासन के बाद नीचे उतरी
ऐशबाग रेलवे स्टेशन के पास हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। न्याय की आस में दर-दर भटकने के बाद मूल रूप से गाजीपुर निवासी एक महिला ने जिंदगी समाप्त करने की ठानी। शुक्रवार सुबह वह आत्महत्या के लिए बाजारखाला थाना क्षेत्र के ऐशबाग रेलवे स्टेशन के पास स्थित टावर पर चढ़ गई। खबर मिलते ही पुलिस अफसरों के हाथ-पांव फूल गए और आनन-फानन में भागकर मौके पर पहुंचे।
इंस्पेक्टर बाजारखाला ब्रजेश सिंह सहित अन्य अधिकारी कार्रवाई का आश्वासन देकर करीब घंटे भर बाद महिला को नीचे उतार सके।
शुक्रवार सुबह करीब सवा सात बजे गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला बाजारखाला क्षेत्र के ऐशबाग रेलवे स्टेशन के पास स्थित टावर पर चढ़ गई। स्थानीय लोगों की नजर महिला पर पड़ी तो वह कूदकर आत्महत्या की धमकी दी। यह माजरा देख लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड की गाड़ी के साथ पहुंचे। मौके पर पहुंचे अधिकारियों को देखकर महिला कूदकर जान देने की धमकी देने लगी।
इस दौरान हरकत में आए अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर नीचे आने को कहा। फिर भी वह नहीं मानी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने गाजीपुर के जिलाधिकारी व एसपी से इस संदर्भ में बात की। करीब घंटे भर की मशक्कत के बाद महिला को समझा-बुझाकर नीचे उतारा जा सका।
इंस्पेक्टर बाजारखाला ब्रजेश सिंह के मुताबिक महिला ने पूछताछ में बताया कि उसका पड़ोसी से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि वह स्थानीय पुलिस से लेकर जिलाधिकारी व एसपी तक पहुंच कर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन उसे हर जगह से ठोकर मिली। पीड़ित महिला ने बताया कि इसी से परेशान होकर जान देने के लिए टावर पर चढ़ी थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।





