गासिया खातून की तलाश में जुटी पुलिस को ही मिला शव
इलाके में फैली सनसनी, एसपी प्राची सिंह सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
ए अहमद सौदागर लखनऊ। अंबेडकरनगर जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित मुरादाबाद मोहल्ले में अपने चार बच्चों की हत्या कर फरार चल रही मां गासिया खातून का शव रविवार को घर से करीब सौ मीटर पर पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस की टीमें गासिया खातून को तलाश कर रही थी कि इसी दौरान पुलिस को मुरादाबाद मोहल्ले से कुछ दूरी पर उसकी लाश मिल गई। पुलिस ने आसपास और करीबियों को बुलाया तो शव की पहचान सऊदी अरब में रह रहे नियाज की पत्नी गासिया के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक अंबेडकरनगर प्राची सिंह के मुताबिक गासिया खातून की मौत कैसे हुई है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा। पुलिस मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सनद रहे कि अंबेडकरनगर जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित कसड़ा गांव निवासी नियाज अहमद विदेश यानी सऊदी अरब चाय-काफी की दुकान चलाते हैं। बताया जा रहा है कि वह कुछ साल पहले गांव की जमीन बेचकर मुरादाबाद मोहल्ले में मकान बनवाकर रहते थे। घर पर उसकी पत्नी गासिया खातून अपने चार बच्चों शफीक, सऊद, उमर और बेटी सादिया के साथ रहती थी।
बताया जा रहा है करीब तीन वर्ष पहले नियाज अहमद ने एक पाकिस्तानी महिला से दूसरी शादी कर ली थी। इस बात की जानकारी मिलते ही गासिया खातून को नागवार गुजरा और तभी से दंपति में अनबन चल रही थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात मोबाइल फोन पर दंपति के बीच कहासुनी हुई और पत्नी को मनाने के लिए नियाज अहमद लगातार फोन किया, लेकिन गासिया खातून काल रिसीव नहीं की।
शनिवार को दुधिया दूध देने घर पहुंचा तो घर का दरवाजा भीतर से बंद मिला। इसके बाद आसपास में रहने वाले लोगों ने नियाज के रिश्तेदार तस्लीम को फोन कर बताया। मौके पर पहुंचे करीबी रिश्तेदार ने पड़ोसी की छत से कमरे में दाखिल हुए तो वहां का मंजर देख सन्न रह गए। देखा कि चारों बच्चों की खून से लथपथ लाश पड़ी थी और गासिया खातून लापता थी।
घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी सोमेन वर्मा, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन कर फरार गासिया खातून को दबोचने के लिए निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि फरार चल रही गासिया खातून की तलाश में जुटी स्थानीय पुलिस खोज रही थी कि रविवार को घर से कुछ दूरी पर गासिया खातून की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसपी अंबेडकरनगर प्राची सिंह के मुताबिक गासिया खातून की मौत कैसे हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा।




