लखनऊ। (संवाददाता) अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय के नेतृत्व में राजधानी के लक्ष्मण मेला मैदान गोमती तट पर 43वें छठ महापर्व का भव्य आयोजन 15 और 16 नवंबर 2026 को होने जा रहा है। हाल ही में गोमती नदी में आई बाढ़ के कारण तट पर जमा हुए मलबे और कूड़े-कर्कट को हटाने के लिए आज (18 अक्टूबर) सुबह 10 बजे से सफाई अभियान की शुरुआत की गई। समाज के पदाधिकारियों और निगम कर्मचारियों ने मिलकर श्रमदान किया, और छठ पूजा तक यह सफाई अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम की मुख्य बातें:
उद्घाटन एवं मुख्य अतिथि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 नवंबर 2026 को शाम 4 बजे पहला अर्घ्य देकर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम
15 नवंबर को दोपहर 2:00 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी, जो 16 अक्टूबर (प्रातः) तक लगातार 18 घंटे चलेंगे। इसमें लगभग 150 कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
महापर्व का समापन
16 नवंबर की सुबह उदयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद महिलाएं एक-दूसरे को लंबा सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्यवती होने की कामना करेंगी और प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण करेंगी।
आज के सफाई अभियान में वेद प्रकाश राय, मनीष पोद्दार, मनोज सिंह, सुरेश कुशवाहा, अवधेश, संजय लाल यादव, अंगद राम ओझा, विजय यादव और सहेनदर राम मौर्या समेत कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।





