एक जोड़ी पायल व दो गले की लॉकेट बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। आशियाना थाने की पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार करके महिला से हुई टप्पेबाजी करने वाले गैंग का राजफाश किया है। गिरोह सुनसान स्थानों पर महिलाओं को बहला-फुसलाकर एवं अपने विश्वास में लेकर उनके शरीर से गहने उतरवाकर भाग निकलते हैं। पुलिस को इनके पास से एक जोड़ी कान की बाली व दो गले की लॉकेट बरामद हुई है।
इंस्पेक्टर आशियाना गजेन्द्र कुमार राय ने बताया कि उनकी टीम ने गुरुवार को हरियाणा राज्य के पलवल जिले के प्याले थाना क्षेत्र स्थित असावटी रोशन कॉलोनी निवासी प्रेम सोलंकी व राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र स्थित सिकंदरपुर गांव निवासी अमन राय पुत्र किशोर राय को गिरफ्तार किया है। इन लोगों के कब्जे से एक जोड़ी पायल व दो गले की लॉकेट बरामद हुए हैं। इंस्पेक्टर आशियाना गजेन्द्र कुमार राय के मुताबिक 22 अगस्त 2026 आशियाना क्षेत्र स्थित भदरूख गांव निवासी फूला देवी पत्नी जोगेन्दर ने लिखित तहरीर देकर बताया कि वह मंगल बाजार जा रही थी कि रास्ते में उन्हें दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बहला-फुसलाकर एवं अपने विश्वास में लेकर कान की बाली और गले से लॉकेट उतरवा लिया। वह कुछ समझ पातीं कि इससे पहले दोनों ठग फुर्र हो गए। इंस्पेक्टर का कहना है कि उनकी टीम ने आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गुरुवार को देवी खेड़ा रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस गिरोह में कितने लोग और शामिल हैं इसके बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है।





