पेट फूला था, मुंह से झाग निकल रही और कंधे पर चोट के निशान मिले हैं
मकान में निकास को लेकर सौतेले भाईयों में चल रहा था विवाद
परिजनों की तहरीर पर विरोधियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
भदरूख गांव में हुई घटना का मामला, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
ए अहमद सौदागर लखनऊ। आशियाना थाना क्षेत्र के बंगला बाजार स्थित भदरूख गांव में एक बुजुर्ग के शरीर पर ताबड़तोड़ चोट पहुंचाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। मृतक का पेट फूला था, मुंह से झाग निकल रही थी और कंधे पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। इससे यही लग रहा है कि बुजुर्ग की पीट-पीटकर मौत की नींद सुला दिया गया है। सूचना मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त कैंट अभय मल्ल सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके पर फोरेंसिक टीम मामले की गहनता से छानबीन की। सहायक पुलिस आयुक्त के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि मौत कैसे हुई है।
आशियाना क्षेत्र के बंगला बाजार स्थित भदरूख गांव निवासी 60 वर्षीय ओमप्रकाश परिवार के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि शनिवार को उनका शव उन्हीं के घर की दहलीज पर पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। सहायक पुलिस आयुक्त कैंट अभय मल्ल के मुताबिक जांच पड़ताल के दौरान देखा गया तो मृतक का पेट फूला हुआ था और मुंह से झाग निकल रही थी तथा कंधे पर किसी भारी वस्तु से वार करने के निशान मिले हैं।
उन्होंने बताया कि आसपास में रहने वाले लोगों से जानकारी ली गई तो पता चला कि मृतक ओमप्रकाश व उनके सौतेले भाईयों के बीच मकान में निकास को लेकर काफी समय से लड़ाई-झगड़ा होती चली आ रही थी। बताया जा रहा है कुछ दिनों पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। मृतक के करीबियों का आरोप है कि सौतेले भाईयों ने पीट-पीटकर मौत की नींद सुला दिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि इस मामले में कई बिंदुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है।




