ए अहमद सौदागर लखनऊ। घरेलू कलह, प्रेम-प्रसंग या फिर कोई और वजह को लेकर राजधानी लखनऊ में जान देने का सिलसिला थम नहीं रहा है। मड़ियांव थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने खुदकुशी कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उधर नाका इलाके में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मड़ियांव थाना क्षेत्र स्थित रहोड़ा पुरवा निवासी 45 वर्षीय गौतम रावत ने खुदकुशी कर ली। उसका शव मंगलवार को आईआईएम रोड के पास आम के पेड़ में रस्सी के सहारे लटकता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के मुताबिक जांच पड़ताल के बाद परिजनों ने बताया कि मृतक मजदूरी करता था और सोमवार रात पत्नी से किसी बात को लेकर घर से बाहर निकलने के बाद आत्महत्या कर लिया। बताया जा रहा है कि मृतक के छह बच्चे हैं। इसके अलावा नाका हिंडोला थाना क्षेत्र स्थित रानीगंज निवासी 32 वर्षीय अनिल सोनकर उर्फ गोलू ने आत्महत्या कर हमेशा के लिए अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मंगलवार को उसका शव मकान की पहली मंजिल पर कमरे में पंखे के कुंडे में दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। पुलिस के मुताबिक घरवालों ने बताया कि मृतक ई-रिक्शा चालक था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।




