August 8, 2026 2:12 am

उन्नाव: औरास में शारदा नहर में मिला अज्ञात महिला का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

औरास (उन्नाव)। (संवाददाता) औरास थाना क्षेत्र से गुजरने वाली शारदा नहर में रविवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। फिलहाल पुलिस महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है।जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8 बजे गेरुआ-बछौली के पास लखनऊ की ओर जा रही शारदा नहर में ग्रामीणों ने एक महिला का शव बहता हुआ देखा। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद शव को नहर से बाहर निकाला।

प्रथम दृष्टया शव करीब 24 से 36 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतका की अनुमानित आयु लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार शाम करीब 5 बजे के आसपास भी महिला का शव सीमऊ पुल के पास बहता हुआ दिखाई दिया था। आशंका जताई जा रही है कि तेज बहाव के कारण शव बहते हुए औरास क्षेत्र तक पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने यह भी संभावना व्यक्त की है कि महिला सेल्फी लेने के दौरान पैर फिसलने से नहर में गिर गई हो, हालांकि इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

थाना प्रभारी संजीव कुमार कुशवाहा ने बताया कि महिला की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पहचान के लिए आसपास के जनपदों के थानों को भी सूचना भेजी जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को महिला के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल औरास थाना पुलिस से संपर्क करें।पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!