औरास उन्नाव। (संवाददाता) जनपद के थाना क्षेत्र औरास में बुधवार दोपहर मौसम ने अचानक ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। दोपहर करीब 2:00 बजे आए भीषण आंधी-तूफान और ‘झाम-झाम’ बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है।
तूफान की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब 100 किमी/घंटा की रफ्तार से चली हवाओं ने सैकड़ों विशालकाय पेड़ों को जड़ से उखाड़ दिया। पेड़ और उनकी डालियां सड़कों पर गिरने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। राहगीरों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने एकजुट होकर पेड़ों को हटाकर रास्ता सुचारू कराया।
तूफान के चलते विद्युत विभाग को भी भारी क्षति पहुंची है। कई स्थानों पर बिजली के खंभे (पोल) उखड़ गए और तार टूटकर जमीन पर आ गिरे। इसके कारण पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
इस प्राकृतिक आपदा ने सबसे गहरी चोट किसानों और बागवानों पर की है आम के पेड़ों पर लदे छोटे-बड़े फल टूटकर जमीन पर बिछ गए, जिससे बागवानों को लाखों का नुकसान हुआ है। क्षेत्र में 50 से 100 ग्राम तक के ओले गिरने की सूचना है। इससे खेतों में खड़ी फूल वाली फसलें और अन्य फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं।
अपनी मेहनत की कमाई मिट्टी में मिलता देख किसान और बागवान बेहद चिंतित हैं। क्षेत्र के प्रभावित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पुरजोर मांग की है कि इस तबाही का तत्काल सर्वे कराया जाए और पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दिलाकर उन्हें राहत प्रदान की जाए।




