उन्नाव। (संवाददाता) तहसील हसनगंज में आज ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ के अवसर पर जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने आम जनता की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए ठोस निर्देश दिए।
जनसुनवाई कार्यक्रम में सफीपुर विधायक बंबालाल दिवाकर, एसएसपी उन्नाव जय प्रकाश सिंह और सीडीओ उन्नाव कृति राज मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा एसडीएम हसनगंज प्रज्ञा पाण्डे एवं सीओ हसनगंज तेजबहादुर सिंह ने भी जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना।
समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास कार्यों समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं। एसएसपी और सीडीओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उनका गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण किया जाए।
अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि जनसुनवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी प्रकरणों की निष्पक्ष जांच करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।




