August 8, 2026 2:13 am

उन्नाव: सत्य गुरु मुंशी बाबा धाम बुद्ध विहार में उमड़ा जनसैलाब, सत्संग और भव्य भंडारे का हुआ आयोजन

औरास उन्नाव। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के पड़ोसी जनपद उन्नाव के माखी थाना अंतर्गत ग्राम हमीरपुर में आज बुधवार को आध्यात्मिक और सामाजिक सौहार्द का एक अनूठा संगम देखने को मिला। ग्राम हमीरपुर स्थित ‘सत्य साहेब सत्य गुरु मुंशी बाबा धाम बुद्ध विहार’ में वार्षिक सत्संग एवं भव्य भंडारे का कार्यक्रम बेहद हर्षोल्लास और श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ो श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

बुधवार सुबह से ही बुद्ध विहार परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। “सत्य साहेब” के जयकारों के बीच गुरु मुंशी बाबा के अनुयायियों ने विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद आयोजित सत्संग में आए हुए संतों और विचारकों ने गुरु की महिमा, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज में ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाकर आपसी भाईचारा बढ़ाने का संदेश दिया। सत्संग की अमृतवाणी सुनकर उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो उठा।

सत्संग की समाप्ति के बाद दोपहर से ही विशाल भंडारे (महाप्रसाद) का शुभारंभ हुआ। धाम प्रबंधन और सेवादारों की देखरेख में बेहद सुव्यवस्थित तरीके से प्रसाद वितरण का कार्य किया गया। भंडारे में अमीर-गरीब और जाति-पाति के भेदभाव से परे होकर लोगों ने एक पंक्ति में बैठकर पूरी श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम तक प्रसाद वितरण का यह सिलसिला अनवरत चलता रहा।

इस पावन अवसर पर धाम की व्यवस्थापिका और प्रबुद्ध जनों की एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह बड़ा निर्णय लिया गया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए धाम परिसर में एक नए और भव्य भवन का निर्माण कार्य कराया जाना सुनिश्चित किया गया है। जल्द ही इस निर्माण कार्य की रूपरेखा तैयार कर भूमि पूजन किया जाएगा, जिससे आने वाले समय में यहां देश-प्रदेश से आने वाले अनुयायियों को ठहरने और ध्यान लगाने में सहूलियत मिल सके।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों, सेवादारों और धाम की प्रवर समिति का विशेष सहयोग रहा।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!