August 8, 2026 2:14 am

उप निरीक्षक व मुख्य आरक्षी ने युवतियों का पीछा कर की अभद्रता 

एसएसपी ने उपनिरीक्षक राहुल बालियान और मुख्य आरक्षी धर्मेंद्र सिंह को किया तत्काल प्रभाव से किया निलंबित 

सोशल मीडिया पर वीडिओ वायरल होनें के बाद हुईं कार्रवाई 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी के एटा जिले में गुरुवार की रात पुलिस विभाग की छवि को शर्मसार करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस लाइन में तैनात एक उपनिरीक्षक और मुख्य आरक्षी पर शराब के नशे में दो युवतियों का पीछा करने और उन्हें रास्ते में रोककर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र की ठंडी सड़क की बताई जा रही है।

मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है। मिली जानकारी के मुताबिक , दोनों युवतियां स्कूटी से जा रही थीं। आरोप है कि कार सवार पुलिसकर्मी उनका पीछा करते हुए उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया। इस दौरान दोनों ने युवतियों से अभद्रता की, जिसका विरोध किए जाने पर मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। भीड़ में मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपित पुलिसकर्मियों को अपने साथ थाने ले गई। पूछताछ के बाद उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई।मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसएसपी डॉ. इला मारन ने सख्त रुख अपनाया। जांच के शुरुआती तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर उपनिरीक्षक राहुल बालियान और मुख्य आरक्षी धर्मेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मियों से इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं की जा सकती।

 

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!