ए अहमद सौदागर लखनऊ। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ ) मेरठ की टीम ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 किलो 5 ग्राम चरस के साथ दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है। अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अमिताभ यश के निर्देशन पर यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान परवेज आलम उर्फ राजा पुत्र हबीबुल्ला अंसारी (30) और जबरेज आलम पुत्र मरहूम नजू मियां (21) निवासी वार्ड संख्या 20 व 19, बांगरा, थाना सुगौली, पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) बिहार के रूप में हुई है।
एएनटीएफ ने दोनों को शनिवार 4 अक्टूबर को आगरा के थाना कमला नगर क्षेत्र में वाटर वर्क्स फ्लाईओवर की सर्विस रोड पर नगर निगम के टिन शेड के पास से पकड़ा। कब्जे से 11.005 किलो चरस, एक मोबाइल फोन और 1640 रुपये नकद बरामद हुए। थाना कमला नगर कमिश्नरेट आगरा पर मुकदमा धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत किया गया है।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे पार्टनर हैं और काफी समय से तस्करी कर रहे हैं। वे चरस लेकर आए थे और आगरा के एक व्यक्ति के माध्यम से दूसरे व्यक्ति को सप्लाई करने वाले थे, जो यूपीएस अवैध चरस को आगरा व आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता है। इससे पहले भी कई बार आगरा में चरस की सप्लाई कर चुके हैं।
एएनटीएफ को फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज पर महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर गिरोह के अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है।





