August 8, 2026 2:14 am

एएनटीएफ यूनिट गोरखपुर: दो करोड़ 46 लाख की हेरोइन के साथ दो सगे भाई गिरफ्तार 

1.230 किलोग्राम अवैध हेरोइन, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन व 341 रुपए की नकदी बरामद 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। सूबे में मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले तस्करों का आतंक थम नहीं रहा है। एएनटीएफ यूनिट गोरखपुर ने आलमबाग पुलिस के सहयोग से मुखबिर की सूचना पर रविवार को चारबाग रेलवे स्टेशन रोड स्थित कैबवे रुट के पास से दो तस्करों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। एएनटीएफ टीम को इनके पास से 1.230 किलोग्राम अवैध हेरोइन, तीन मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल व 341 रुपए की नकदी बरामद हुई है। तस्करों के पास से मिली अवैध हेरोइन की अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत दो करोड़ 46 लाख रुपए बताई जा रही है। एएनटीएफ दोनों तस्करों को आलमबाग कोतवाली में दाखिल कर मामले की छानबीन कर रही है।

एएनटीएफ टीम के उपनिरीक्षक रमेश राम के मुताबिक रविवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध लोग बड़े पैमाने पर अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई करने की फिराक में आलमबाग थाना क्षेत्र स्थित चारबाग रेलवे स्टेशन रोड पर कैबवे रुट के पास मौजूद हैं।

इस सूचना पर एएनटीएफ यूनिट के उपनिरीक्षक रमेश राम हेड कांस्टेबल शशिकांत राय, हेड कांस्टेबल दिव्य शंकर राय, हेड कांस्टेबल उपेन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल दीपक वर्मा, कांस्टेबल रजनीश पाल और आलमबाग थाने में तैनात चौकी प्रभारी मवैया धीरज यादव, कांस्टेबल शिवानंद व कांस्टेबल सुनील यादव के साथ मौके पर पहुंचे और घेरेबंदी कर मौके से दो तस्करों को धरदबोचा।

उपनिरीक्षक रमेश राम के मुताबिक पकड़े गए दोनों तस्करों ने पूछताछ में अपना नाम बाजार खाला थाना क्षेत्र के मोती झील पांडेय का तालाब निवासी 40 वर्षीय फैसल हसन व उपरोक्त निवासी फरहान हसन पुत्र शहीर हसन बताया।

उपनिरीक्षक रमेश राम का कहना है कि पकड़े गए दोनों आरोपी सगे भाई हैं और ये दोनों भाई किसी एक बड़े तस्कर के लिए काम करते हैं। हमेशा की तरह एक बार फिर दोनों भाई अवैध मादक पदार्थों की खेप लेकर चारबाग रेलवे के आसपास सप्लाई करने जा रहे थे कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को धरदबोचा। एएनटीएफ के मुताबिक इनके पास से बरामद अवैध हेरोइन की अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत दो करोड़ 46 लाख रुपए बताई जा रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!