10.936 किलोग्राम अवैध चरस, एक चार पहिया वाहन व एक मोबाइल फोन बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। सूबे को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट बाराबंकी ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से चार पहिया वाहन में लादकर अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई करने जा रहे गिरोह का राजफाश कर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। एएनटीएफ टीम को पकड़े गए तस्कर के पास से 10.936 किलोग्राम अवैध चरस, एक चार पहिया वाहन व मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। बरामद चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 55 लाख रुपए के करीब बताई जा रही है।
एएनटीएफ यूनिट बाराबंकी के उपनिरीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली एक शख्स चार पहिया वाहन में मादक पदार्थ लादकर गोंडा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र होते हुए कहीं सप्लाई करने जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस सूचना पर उपनिरीक्षक पुरूषोत्तम विश्वकर्मा, उपनिरीक्षक मनीष कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल आलोक सिंह, हेड कांस्टेबल आदिल हाशमी, हेड कांस्टेबल वेदप्रकाश दुबे, हेड कांस्टेबल सुनील राय, कांस्टेबल अमरपाल, कांस्टेबल कृष्ण कुमार, कांस्टेबल गौरव के अलावा स्थानीय थाने के उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक उमाशंकर उपाध्याय व कांस्टेबल विवेक कुमार रावत के साथ मौके पर पहुंचे और संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान शुरू किया।
तभी संदिग्ध अवस्था में एक हुंडई कार आती दिखाई दी। टीम सक्रिय हुई और घेरेबंदी कर कार को रोककर तलाशी ली तो दंग रह गई। देखा कि कार में बड़े पैमाने पर मादक पदार्थ लदा हुआ है। टीम ने कार को कब्जे में लेकर मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उपनिरीक्षक अरविंद कुमार सिंह के मुताबिक पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम गोंडा जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित विसवा गनेश गांव निवासी गिरजेश कुमार वर्मा पुत्र राघव राम वर्मा बताया।
उन्होंने बताया कि पकड़ा गया आरोपी शातिर किस्म का तस्कर है और पूछताछ में बताया कि वह इस खेप को बिहार राज्य से सस्ते दामों में खरीद कर यूपी में लाकर अलग-अलग जिलों में बेचने की बात स्वीकार किया है। आरोपी के पास से बरामद अवैध चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 55 लाख रुपए बताई जा रही है।





