तीन किलो 200 ग्राम अवैध अफीम, 156 ग्राम अवैध स्मैक, एक स्कूटी, तीन मोबाइल फोन व 2,500 रुपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा कर एएनटीएफ यूनिट मेरठ ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से रविवार को तीन तस्करों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। एएनटीएफ टीम को इनके पास से तीन किलो 200 ग्राम अवैध अफीम, 156 ग्राम अवैध स्मैक, एक स्कूटी व 2,500 रुपए की नकदी बरामद हुई है।
एएनटीएफ के उपनिरीक्षक अंकित कुमार सैनी के मुताबिक रविवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि तीन तस्कर गाजियाबाद जिले के लिंक थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड के पास मौजूद हैं जो कहीं मादक पदार्थ बेचने के लिए जा रहे हैं। इस सूचना पर एएनटीएफ टीम स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
एएनटीएफ के उपनिरीक्षक के मुताबिक पकड़े गए तीनों तस्करों ने पूछताछ में अपना नाम गाजियाबाद जिले के महाराजपुर निवासी गुलजार त्यागी, आमिर खान व दिल्ली निवासी शाहिल बताया। एएनटीएफ के मुताबिक पकड़े आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि यह लोग दिल्ली की रहने वाली एक महिला तस्कर से अवैध मादक पदार्थ खरीद कर दिल्ली और उसके आसपास के जिलों में सप्लाई करते हैं।




