औरास उन्नाव। (संवाददाता) मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए औरास थाना पुलिस ने सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पहासू नगर पंचायत चेयरमैन के पति के वाहन से बरामद नकदी को पूरी पारदर्शिता के साथ उनके वारिस को सुपुर्द कर दिया है। शुक्रवार को थाना प्रभारी ने मृतक के पुत्र को बुलाकर बरामद 1 लाख 24 हजार रुपये नकद सौंपे।
बीती 27 मार्च 2026 को बुलंदशहर जिला अंतर्गत पहासू की चेयरमैन ताबीर अजमल के पति व उनके प्रतिनिधि छोटे अजमल लखनऊ में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर संख्या 265 के पास उनकी होंडा अमेज कार (DL 13 CC 4080) अनियंत्रित होकर यूपीडा की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई थी। इस दर्दनाक हादसे में छोटे अजमल की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चालक घायल हुआ था।
थाना प्रभारी औरास, संजीव कुमार कुशवाहा ने बताया कि दुर्घटना के समय कार की तलाशी के दौरान 1,24,000 रुपये की नकदी बरामद हुई थी। पुलिस ने इस राशि को सुरक्षित रखा और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार, 3 अप्रैल को मृतक के पुत्र तलहा को थाने बुलाकर पूरी रकम उनके सुपुर्द कर दी।
रुपये प्राप्त करने के बाद मृतक के पुत्र तलहा ने पुलिस की इस ईमानदारी की सराहना की। उन्होंने भारी मन से कहा कि उनके पिता एक लोकप्रिय जनसेवक थे और उनके जाने से परिवार व क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। इस दौरान थाने पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने औरास पुलिस के इस कदम की प्रशंसा की।




