औरास, उन्नाव। ग्राम पंचायत शाहपुर तोंदा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय “आंगन मिलन सेवा समारोह” का भव्य समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार धूमधाम से कराया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से सैम (गंभीर कुपोषित) श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों एवं उनकी माताओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान परिवारजनों को बच्चों के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं साड़ी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान से कार्यकत्रियों में उत्साह का संचार हुआ और उन्हें पोषण व स्वास्थ्य के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली।
इस अवसर पर महिला मोर्चा की सदस्य, ग्राम प्रधान, बाल विकास परियोजना अधिकारी मीना यादव, मुख्य सेविका स्नेहलता, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं, आशा बहनें तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि — “सुपोषित बच्चे, स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।”





