ससुर और देवर पर भी आरोप
ए अहमद सौदागर लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक दिल दहला देने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहां एक तीन माह की गर्भवती महिला ने अपने पति, ससुर और देवर पर दहेज की मांग पूरी न होने पर जानलेवा हमला करने और प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे लात-घूसों से इस कदर पीटा कि उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार ईंट गांव निवासी मुस्कान पाल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी करीब एक वर्ष पूर्व रितीक नामक युवक के साथ हुई थी। मुस्कान का आरोप है कि (विवाह) के कुछ समय बाद ही पति रितीक, ससुर संतोष और देवर रचीत ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया। वे लगातार मायके से अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बना रहे थे। मना करने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
पीड़िता के अनुसार, वह वर्तमान में तीन माह की गर्भवती है, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वालों को उस पर दया नहीं आई। आरोप है कि 11 मई 2026 की रात करीब तीन बजे आरोपियों ने घर में क्लेश शुरू कर दिया। विरोध करने पर पति और अन्य ससुरालियों ने मिलकर उसे गंदी-गंदी गालियां दीं और लात-घूसों व थप्पड़ों से बुरी तरह पीटा। पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगने के कारण पीड़िता की हालत बिगड़ गई।मुस्कान ने बताया कि जब उसके पिता को घटना की भनक लगी और उन्होंने फोन पर बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी भद्दी भद्दी गालियां दी।घटना के बाद परेशान महिला ने थाना काकोरी में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।वहीं इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक काकोरी सतीश चन्द्र राठौर नें बताया कि पीड़िता की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




