ए अहमद सौदागर लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र के चकौली गांव में पुरानी कहासुनी को लेकर एक दुकानदार और उनके परिजनों पर जानलेवा हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना मंगलवार, 12 मई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है।पीड़ित अर्जुन राजपूत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी दुकान पर साले प्रकाश और पुत्र विकास के साथ मौजूद थे। इसी दौरान सरोजनी नगर निवासी अजीत, विनीत और उनके साथी आर्यन राजपूत अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ वहाँ पहुँचे। आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस हमले में अर्जुन के सिर पर गंभीर चोट आई है। शोर सुनकर जब ग्रामीण मौके पर एकत्र होने लगे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहाँ से फरार हो गए।वहीं इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र राठौर नें बताया कि सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।




