August 8, 2026 2:22 am

कानपुर: स्कार्पियो चालक ने तीन वाहनों में मारी टक्कर, पुलिस ने कब्जे में ली गाड़ी

ए अहमद सौदागर लखनऊ। कानपुर जिले के जाजमऊ थाना क्षेत्र के संजय नगर रोड में एक काले रंग की स्कॉर्पियो ने रविवार देर रात सड़क पर जमकर तांडव मचाया। स्कॉर्पियो चालक ने एक के बाद एक कई गाड़ियों को टक्कर मारकर फरार हो गया। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में एक युवक घायल हुआ है और तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, विवाद की शुरुआत गाड़ी के तेज हॉर्न बजाने को लेकर हुई। आरोप है कि जाजमऊ के आशियाना कॉलोनी निवासी डॉक्टर वारिस की काले रंग की स्कॉर्पियो को उनका बेटा चला रहा था। उसने पहले एक ऑटो में कई बार जानबूझकर टक्कर मारी। इसके बाद बेकाबू स्कॉर्पियो ने एक होंडा शाइन बाइक और एक स्कूटी को भी अपनी चपेट में ले लिया। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

सड़क पर स्कॉर्पियो का यह रौद्र रूप देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। इस दौरान राजा नाम का एक युवक घायल हो गया। पीड़ित ऑटो मालिक शोएब उर्फ गोलू ने बताया कि चालक ने हॉर्न बजाने के मामूली विवाद पर सीधे गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। वहीं, स्कूटी मालिक मुमताज और होंडा शाइन के मालिक अरमान ने आरोप लगाया कि स्कॉर्पियो चालक आदतन इस रोड पर इसी तरह तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस चालक का लोगों से विवाद हो चुका है. इन विवादों में स्थानीय लोगों ने सुलह करवाई थी। लेकिन रविवार को उसने फिर दबंगई दिखाते हुए घटना को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जाजमऊ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने हंगामा कर रही भीड़ को शांत कराया और स्कॉर्पियो गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। इंस्पेक्टर जाजमऊ जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी को जब्त कर लिया है। पीड़ितों की ओर से दी गई लिखित शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आरोपी कार चालक पर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!