दो चेन, एक मंगलसूत्र, घटना में इस्तेमाल चार पहिया वाहन व 12 हजार रुपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। सवारी बनकर महिलाओं एवं पुरुषों से अपने झांसे में लेकर अन्तर्जनपदीय टप्पेबाज गिरोह का खुलासा कर इंस्पेक्टर कृष्णानगर की टीम ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर दो महिलाओं सहित तीन ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इनके पास से दो सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, घटना में इस्तेमाल चार पहिया वाहन के अलावा 12 हजार रुपए की नकदी बरामद हुई है।
इंस्पेक्टर कृष्णानगर के मुताबिक उन्हें कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी एक टप्पेबाजी करने वाला गिरोह सक्रिय है और अन्तर्जनपदीय स्तर पर घटना को अंजाम देकर भाग निकलते हैं। इस सूचना पर उनकी टीम ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तीनों आरोपितों ने पूछताछ में अपना नाम गोरखपुर जिले के बेलीपार थाना क्षेत्र स्थित डवरपार भस्मा मौजा देवरिया गांव निवासी बिन्दु उर्फ चिंकी पत्नी गोविंद प्रसाद, उपरोक्त निवासी गीता देवी पत्नी रामप्रसाद व खजनी गोरखपुर निवासी नरसिंह पुत्र सिखू बताया। पुलिस के मुताबिक अभियुक्ता बिन्दु उर्फ चिंकी इस गिरोह की सरगना है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों शातिर किस्म की महिलाओं ने बताया कि इनका एक संगठित गिरोह है जो अन्तर्जनपदीय स्तर पर घटना को अंजाम देते हैं। यह लोग बड़े महानगरों में झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रहते हैं और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहले रैकी करने के बाद भोले-भाले लोगों को अपना निशाना बनाते हैं। यह भी बताया जा रहा है कि यह गिरोह होटलों में भी ठहर कर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार किया है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में बताया कि यह लोग अपनी चार पहिया वाहन को सड़क किनारे खड़ी करके आटो टैंपो में सवार होकर पहले से बैठे यात्रियों को धक्का-मुक्की कर महिलाओं एवं पुरुषों के चेन व नकदी लेकर फुर्र हो जाते हैं। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह में कितने लोग और शामिल हैं इसके बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है।




