एक सोने की चेन, एक अंगुठी व चांदी के पायल बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। बच्चों का इलाज कराने और फेरी लगाकर तथा ट्रेनों में बैठकर या फिर ई-रिक्शा में बैठकर उल्टी करने का बहाना बनाकर सवारी को अपने झांसे में लेकर चोरी करने वाले प्रांतीय गैंग का खुलासा कर कृष्णानगर पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से तीन महिलाओं सहित चार चोरनी-चोर को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह की सरगना शेष कला है और पूछताछ में पुलिस को बताया कि इनका एक संगठित गिरोह है सभी एक ही परिवार से हैं।
पुलिस को इनके पास से एक चेन, एक अंगुठी व चांदी के पायल बरामद हुए हैं।
कृष्णानगर पुलिस को सूचना मिली कि एक ऐसा गिरोह है जो बच्चों का इलाज, फेरी लगाकर रैकी करने, आटो, ई-रिक्शा में सवारी बनकर तथा ट्रेनों में महिलाओं एवं पुरुषों को अपनी बातों में फंसाकर लूटपाट कर रहा है। इस सूचना पर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में इंस्पेक्टर कृष्णानगर सर्विलांस टीम की मदद से मंगलवार को तीन महिलाओं सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक यह एक प्रांतीय गैंग है जो घूम-घूमकर घटनाओं को अंजाम देने के बाद भाग निकलता है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए सभी आरोपितों ने पूछताछ में अपना नाम नागपुर के अंजलि थाना क्षेत्र स्थित राजेश्वरी रिंग रोड व हाल पता झोपड़पट्टी दुबग्गा निवासी शेष कला पत्नी दयालाल, दयालाल पुत्र बाबू लाल, पूजा पत्नी स्व राहुल व गौरी देवी उर्फ नाजमा पत्नी सूरज बताया। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह की सरगना शेष कला है और आरोपित दयालाल की पत्नी है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के मुताबिक पकड़ी गई सरगना शेष कला ने पूछताछ में बताया ये लोग एक ही परिवार के हैं और यह लोग आटो, ई-रिक्शा में बैठने के बाद उल्टी करने का बहाना बनाकर व सेफ्टी पिन चुभोकर सवारी को अपने जाल में फंसाकर पलक झपकते ही उनकी गाढ़ी कमाई लूट कर भाग निकलतीं थीं। बताया जा रहा है कि यह लोग नागपुर से आकर दुबग्गा क्षेत्र में झोपड़ी बनाकर रहते हैं।




