भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात व नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। कैसरबाग पुलिस ने रविवार को चोरों के गिरोह का राजफाश कर भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात व नकदी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक इनका एक संगठित गिरोह है जो दिन में रैकी करने के बाद बंद मकानों को निशाना बनाकर लाखों के जेवरात व नकदी उड़ा कर भाग निकलते हैं।
पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त पश्चिमी, सहायक पुलिस आयुक्त कैसरबाग के निर्देश पर इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी कुमार मिश्र की टीम ने रविवार को एक ऐसे गिरोह को पकड़ा है जो दिन में रैकी करने के बाद बंद मकानों का ताला तोड़कर या फिर नकबजनी कर घरों में रखे जेवरात व नकदी लेकर फुर्र हो जाते थे। काफी दिनों से आतंक का पर्याय बने चोरों के गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर रोजगार भवन के सामने से गिरफ्तार किया है।
इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी कुमार मिश्र के मुताबिक पकड़े गए तीनों आरोपितों ने पूछताछ में अपना नाम पारा थाना क्षेत्र स्थित चुन्नू खेड़ा गांव व हाल पता बाराबंकी निवासी 21 वर्षीय करन वर्मा, गोसाईगंज क्षेत्र स्थित मातन टोला निवासी सुशील सैनी व गौतमपल्ली थाना क्षेत्र स्थित पुरवा व हाल पता मकबूल गंज कैसरबाग निवासी मोहम्मद आजम उर्फ रानू बताया।
इंस्पेक्टर के मुताबिक पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि इनका एक संगठित गिरोह है जो शहर में घूम-घूमकर बंद मकानों की दिन में रैकी करने के बाद शाम ढलते ही धावा बोलकर घरों में रखे जेवरात व नकदी चोरी कर भाग निकलते थे। पुलिस को इनके पास से लाखों के जेवरात, एक मोटरसाइकिल व 8,870 रुपए की नकदी बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि इससे पहले भी कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार किया है।




