107 संदिग्ध रजिस्ट्रेशन कर लोन का झांसा देकर सवा दो करोड़ की जीएसटी चोरी किया था
सात डेविड कार्ड, छह मोबाइल फोन व एक चेकबुक बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। अल्तमस ट्रेडर्स के नाम से सवा दो करोड़ रुपए की जीएसटी चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा कर क्राइम ब्रांच की टीम ने शुक्रवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गरीब व भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनके खाते से उनकी जीवन भर की कमाई जीएसटी के नाम पर डकार गए। गिरोह चार बोगस फर्में खोलकर करोड़ों की ठगी करते थे। पुलिस को पकड़े गए आरोपी के सात डेबिट कार्ड, छह मोबाइल फोन व एक चेकबुक बरामद हुए हैं।
निरीक्षक शिवानंद मिश्रा के मुताबिक पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम सीतापुर जिले के रेऊसा थाना क्षेत्र स्थित कलीमपुर निवासी बुद्धिप्रकाश बताया। उन्होंने बताया कि जांच पड़ताल के बाद सामने आया है कि अल्तमस ट्रेडर्स के नाम से संचालित पंजाब नेशनल बैंक खाते में करीब 2,25,99,522 रुपयों का लेन-देन हुआ, जिसे विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित किया गया। बताया गया कि इन फर्मों एवं संबंधित खातों में कुल लगभग 2.5 करोड़ के वित्तीय लेनदेन का पता चलने पर संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई की गई।
निरीक्षक शिवानंद मिश्रा ने बताया कि विवेचना के दौरान जानकारी हुई कि अल्तमस ट्रेडर्स फर्म वास्तविक रूप से अस्तित्व में नहीं थी। जांच पड़ताल में सामने आया है कि चार फर्जी कंपनियां अल्तमस ट्रेडर्स, कुमार ट्रेडर्स, सुप्रीम इंटरप्राइजेज व बुद्धा इंटरप्राइजेज पकड़े गए आरोपी द्वारा बनाई गई है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म इक़बाल करते हुए कहा कि इनका एक संगठित गिरोह है जो पैसों का लालच देकर गरीब व भोले-भाले लोगों का आधार कार्ड, पैन कार्ड, पता व मोबाइल फोन हासिल कर फर्जी प्रपत्र किरायानामा बिजली बिल आदि तैयार कर जीएसटी फर्म बनाकर चोरी करते हैं। अपर पुलिस उपायुक्त अपराध के मुताबिक इस गिरोह में कितने लोग और शामिल हैं इसके बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है।




