सीतापुर। (संवाददाता) सीतापुर के ग्राम पंचायत बेरषापुर में आयोजित ब्लॉक स्तरीय कन्वर्जेंस कार्यशाला में पांच पंचायतों के किसान शामिल हुए। कार्यशाला में कृषि विभाग से महेश्वर दयाल, राघवेंद्र सिंह और कृषि विज्ञान केंद्र कटिया से डॉ. सचिन तोमर व शैलेंद्र सिंह मौजूद रहे।
संस्था कार्यकर्ता आकांक्षा ने कार्यक्रम की शुरुआत में सभी का स्वागत किया और पंजीकरण कराया। नारायण सिंह ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना में बीमा कराने पर फसल के नुकसान की स्थिति में सरकार द्वारा मुआवजा दिया जाएगा।
डॉ. सचिन तोमर ने किसानों को बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र कटिया में उड़द, अरहर और तिल्ली का बीज निःशुल्क मिलेगा। इसके लिए किसानों को आधार कार्ड और दो फोटो लाने होंगे। साथ ही किसान अपने खेतों की मिट्टी की जांच भी करवा सकते हैं।
डॉ. शैलेंद्र सिंह ने जैविक खेती पर जोर देते हुए कहा कि रासायनिक खादों के बजाय जैविक खाद का प्रयोग करें। इससे पर्यावरण संतुलित रहेगा और लोग बीमारियों से बचे रहेंगे।
कार्यशाला में मनरेगा जॉब कार्ड के लिए पंजीकरण भी किया गया। कई किसानों ने विभिन्न योजनाओं में भाग लिया, जिनमें राजकुमार बेरषापुर ने अरहर का बीज, रेशमा और नीरज ने मिट्टी की जांच, सोबरन ने किसान सम्मान निधि के लिए दस्तावेज जमा किए। विशंभर, रामपाल और सतनाम ने फसल बीमा योजना में पंजीकरण कराया। पुष्पा देवी और सूरजकली ने मनरेगा जॉब कार्ड के लिए आवेदन किया।




