बाराबंकी। (संवाददाता) सफेदाबाद पोस्ट की ग्राम पंचायत सरथरा में साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव की गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के चलते ग्रामीणों को गंदगी के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार ग्राम प्रधान और सचिव से शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती। नालियां बजबजा रही हैं, कूड़ा उठान महीनों से नहीं हुआ। जगह-जगह जलभराव और गंदगी से मच्छर पनप रहे हैं,जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
गांव में फैली गंदगी से सबसे ज्यादा खतरा बच्चों और बुजुर्गों को है। ग्रामीणों ने बताया कि नालियों की अभी तक सफाई नहीं हुई है और बदबू के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है। स्कूल जाने वाले बच्चों को गंदगी से होकर गुजरना पड़ता है। स्वच्छ भारत मिशन के दावे यहां फेल नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव में तत्काल साफ-सफाई कराने और लापरवाह जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।




