बैरक, मेस, जीडी कार्यालय, हवालात के रखरखाव और साफ-सफाई व असलहों को किया चेक
इस दौरान और बेहतर बनाए रखने के लिए मातहतों को दिशा-निर्देश दीं
ए अहमद सौदागर लखनऊ। एसीपी विभूतिखंड सौम्या पांडेय ने मंगलवार को टीम के साथ चिनहट कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को कई तरह के कानून के बारे में अहम जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान एसीपी विभूतिखंड ने इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा की मौजूदगी में संबंधित अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं के बारे में जरूरी दिशा-निर्देश दीं और अभिलेखों व थाना परिसर में साफ-सफाई और बेहतर करने के लिए कहा।
मंगलवार को एसीपी विभूतिखंड सौम्या पांडेय ने चिनहट कोतवाली त्रैमासिक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने पर मौजूद इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की। एसीपी ने कहा कि सूबे में कानून का राज स्थापित करना पुलिस की जिम्मेदारी है। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को कई टिप्स भी दिए।
एसीपी ने इंस्पेक्टर से क्षेत्र में होने वाले अपराधों की भी समीक्षा कर उन्हें कंट्रोल करने के लिए कहा। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने साफ शब्दों में पुलिस कर्मियों को चेतावनी भी दी कि लापरवाही बरतने वाले किसी भी पुलिस कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं माल खाने का भी निरीक्षण कर माल के रखरखाव को लेकर माल खाना प्रभारी को भी टिप्स दिए। साथ ही महिला हेल्प डेस्क में तैनात महिला पुलिसकर्मियों को भी पीड़ित महिलाओं से कैसे पेश आना है यह भी बताया। इसके अलावा थाना परिसर की साफ-सफाई पर भी इंस्पेक्टर को विशेष ध्यान देने को कहा।





