एक की हालत गंभीर, ट्रामा सेंटर में भर्ती, दूसरे की हालत खतरे से बाहर
बिजली विभाग की लापरवाही आई सामने, स्थानीय लोगों में गुस्सा
ए अहमद सौदागर लखनऊ। चिनहट क्षेत्र के नेवादा गांव में सोमवार को उस समय अचानक हड़कंप मच गया जब जमीन के भीतर बिछी 33 हजार वोल्ट की हाई-वोल्टेज बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट आग लग गई। इसकी चपेट में आकर दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायलों को ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। इंस्पेक्टर के मुताबिक दूसरे बच्चे की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के अफसरों का कहना है कि दोनों बच्चे खेलते-खेलते वहां पहुंच गए और उसमें कील ठोंक दिया, जिससे शार्ट सर्किट से आग लग गई।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि नेवादा गांव निवासी रफीक का आठ वर्षीय बेटा रहमत अली व उपरोक्त निवासी सरफुद्दीन अली का 11 वर्षीय बेटा मोहम्मद समद सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे खेलते-खेलते कुछ दूरी पर जमीन पर बिछी 33 हजार वोल्ट के बिजली तार के पास पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान जमीन के भीतर बिछी 33,000 वोल्ट की बिजली लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से दो मासूम बच्चे इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि एक बच्चे की हालत गंभीर, ट्रामा सेंटर में इलाज जारी
हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 8 साल के रहमत अली को तुरंत इलाज के लिए लखनऊ के मेडिकल कॉलेज स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। वहीं, दूसरे बच्चे मोहम्मद समद को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।
खेलते हुए बच्चों ने 33 केवी लाइन में ठोंकी कील जिससे हो गया हादसा
जब बिजली लाइन की भूमिगत स्थिति की जांच के लिए खुदाई कराई गई, तो यह बात सामने आई। बच्चे खेल-खेल में 33 केवी की हाई-वोल्टेज लाइन के पास पहुंच गए थे और उसमें कील ठोक रहे थे। इसी हरकत की वजह से अचानक ब्लास्ट हो गया, जिसकी चपेट में आकर दोनों मासूम गंभीर रूप से झुलस गए।
पुलिस और विद्युत विभाग मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही चिनहट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। इस संबंध में संबंधित विद्युत विभाग को भी तुरंत सूचित कर दिया गया है। विभाग की टीम फॉल्ट को ठीक करने और लाइन को दुरुस्त कराने की कार्रवाई में जुटी है। चिनहट पुलिस इस मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।





