एसीपी सौम्या पांडेय और इंस्पेक्टर चिनहट ने महिलाओं को किया गया जागरूक
वस्त्र व मिष्ठान्न वितरित कर पुलिस ने बुजुर्ग महिलाओं का बढ़ाया मान
ए अहमद सौदागर लखनऊ। शारदीय नवरात्र पर्व के मौके यूपी सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत एसीपी विभूतिखंड सौम्या पांडेय और इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा द्वारा बुधवार को महात्मा गांधी अस्पताल में वन स्टॉप सेंटर का भ्रमण किया गया। इस दौरान वन स्टॉप सेंटर में उपस्थित महिलाओं एवं माताओं-बहनों को महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एसीपी विभूतिखंड सौम्या पांडेय ने महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों तथा सहायता प्रदान करने वाली विभिन्न संस्थाओं के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही, किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न अथवा आपात स्थिति में उपलब्ध सरकारी सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस मौके पर वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी महोदया एवं इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा व कस्बा चौकी प्रभारी अभिषेक तिवारी के अलावा भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे।
इस दौरान महिलाओं को संबोधित करते हुए महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के अंत में आगामी दशहरा व नवरात्रि पर्व के शुभ अवसर पर उपस्थित महिलाओं को साड़ियां, वस्त्र एवं मिष्ठान्न वितरित किए गए तथा सभी के सुख, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी सुविधाओं के प्रति जागरूक करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति जनजागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।





