पुलिस प्रभारियों को सतर्कता बरतने की विशेष हिदायत
अपराधियों को पकड़ने का जिम्मा संभालने वाली पुलिस को ही निशाना बना रहे दबंग
चिनहट क्षेत्र में हुई घटना के बाद सच आया सामने
ए अहमद सौदागर लखनऊ। जिन पुलिस वालों पर बेखौफ अपराधियों या फिर हमलावरों को पकड़ने का जिम्मा है वह खुद ही बेखौफ बदमाशों का शिकार हो रहे हैं। आलम यह है कि सड़क पर दौड़ा रहे कार सवार पुलिस को बोनट पर बैठाकर कुचलने का प्रयास कर खाकी वर्दी वालों को खुली चुनौती दे रहे हैं। इसके बावजूद भी अक्सर देखा जाता है कि जिम्मेदार पुलिस के आलाधिकारियों की नजर में उनके अधीनस्थ ही दोषी होते हैं और उन्हें निलंबित या लाइन हाजिर कर हमलावरों के हौसले बुलंद करने से परहेज़ नहीं करते।
इसी लापरवाही का नतीजा है कि सूबे में लगातार पुलिस का इकबाल धराशाई हो रहा है, जबकि अपराधियों की सक्रियता बढ़ती जा रही है। यूपी में जब पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण को डीजीपी बनाया गया था, तब मातहतों की उम्मीद जगी कि वह खुलकर अपराधियों का मुकाबला कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजेंगे, लेकिन जैसे ही किसी ऊंची रसूख रखने वाले का फोन घनघनाता है तो मानो पुलिस अफसरों से लेकर अधीनस्थ मानो असहाय बनकर रह जाते हैं।
चिनहट क्षेत्र के अयोध्या रोड पर स्थित कमता के पास जहां यातायात सिपाही गौरव बंसल अपने इंस्पेक्टर के साथ यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए मुस्तैद थे कि इसी दौरान फर्राटा भरते हुए एक कार सवार निकला। पुलिस ने उसे रोककर नियम-कानून बताने की कोशिश की तो वह सुधरने के बजाए सिपाही बोनट पर बैठाकर करीब डेढ़ सौ मीटर तक घसीटा चला गया। इस दौरान सिपाही गौरव बंसल गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा की टीम ने जैसे ही आरोपी कार चालक अयोध्या निवासी सत्यम वर्मा को पकड़ा तो कुछ लोग उसे बचाने के लिए पुलिस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस ने सिपाही को कुचल कर जान से मारने का प्रयास करने वाले चालक सत्यम वर्मा को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया।
यह कोई पहला मामला नहीं है इससे पहले भी कई दबंग किस्म के लोग रोक-टोक करने पर खाकी वर्दी वालों पर हमला किया। गौर करें तो वर्ष 2025-2026 प्रतापगढ़ जिले चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। फिरोजाबाद जिले में अवैध खनन रोकने पर पुलिसकर्मियों पर ट्रैक्टर चढ़ाकर कुचलने की कोशिश की गई। गाजियाबाद जिले में चेकिंग के दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर पुलिसकर्मियों को घायल किया। यह तो महज बानगी भर है इससे पहले भी राजधानी लखनऊ सहित यूपी के अलग-अलग जिलों में बेखौफ बदमाशों ने पुलिस जवानों को निशाना बनाकर खुली चुनौती दे चुके हैं।




