मणप्पुरम ज्वैलर्स लिमिटेड कंपनी के 18.53 किलो ग्राम सोने के जेवरात गायब करने का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। मणप्पुरम ज्वैलर्स लिमिटेड कंपनी के 18.53 किलो ग्राम सोने के जेवरात गबन करने वाले उसी कंपनी के कर्मचारी कमल सिंह को चौक पुलिस ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय चौबे की टीम ने ठाकुरगंज क्षेत्र स्थित जनरेलगंज बालागंज निवासी कमल सिंह को गिरफ्तार कर मणप्पुरम ज्वैलर्स लिमिटेड कंपनी में सोने के जेवरात गबन किए जाने का राजफाश किया है।
इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय चौबे के मुताबिक बीते 12 दिसंबर 2024 को लिखित तहरीर देकर मणप्पुरम ज्वैलर्स लिमिटेड कंपनी के जनरल मैनेजर उमेश कुमार ने बताया कि इस कंपनी में काम करने वाले कमल सिंह ने खुदरा विक्रेताओं की मिलीभगत से हेराफेरी और धोखाधड़ी कर 22 कैरेट के 18.53 किलो ग्राम हड़प लिया था। इस सूचना पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन की तो पता चला कि इस बड़े घोटाले में वहीं काम करने वाले कमल सिंह ने इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने बुधवार को इस वारदात का पर्दाफाश कर मणप्पुरम ज्वैलर्स लिमिटेड कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी कमल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।




