जगह-जगह पुलिस बल तैनात, इंस्पेक्टर चिनहट ने घाटों पर पहुंच कर लिया जायजा
इस दौरान श्रद्धालुओं से और स्थानीय लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की अपील की
ए अहमद सौदागर लखनऊ। छठ महापर्व पर किसी तरह का कोई खुराफात न कर सके इसके मद्देनजर डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा शर्मा के निर्देशन में शनिवार को इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र के नेतृत्व में कस्बा चौकी प्रभारी अभिषेक तिवारी व भारी संख्या में पुलिस बल के साथ छोहरिया माता मंदिर, लौलाई के पास बने पूजा स्थलों एवं घाटों का गहनता से निरीक्षण किया। इसके अलावा डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा शर्मा, एडीसीपी पूर्वी अमोल मुरकुट, एसीपी विभूतिखंड सौम्या पांडेय व इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने इस क्षेत्र में बने घाटों का भी जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने सुरक्षा को लेकर श्रधालुओं एवं स्थानीय लोगों से बातचीत कर शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी तरह की कोई दिक्कत आए इसकी सूचना पुलिस को तत्काल प्रभाव से दें।
वहीं छठ पूजा स्थलों पर पहुंची डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा शर्मा और एसीपी विभूतिखंड सौम्या पांडेय ने मातहतों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि वह हर समय पैनी नजर रखेंगे ताकि किसी तरह की कोई दिक्कत न आ सके।
छठ पूजन का कार्यक्रम शुरू
छठ पर्व के दूसरे दिन को खरना या लोहंडा के नाम से जाना जाता है। कार्तिक महीने के पंचमी पर व्रती पूरे दिन व्रत रखते हैं। सूर्यास्त से पहले पानी की एक बूंद तक नहीं ग्रहण करते हैं। शाम को भगवान सूर्य का पूजन कर प्रसाद अर्पित करते हैं। शाम को चावल, गुड़ और गन्ने के रस बने रसियाव, खीर को खाया जाता है। खाने में नमक और चीनी का इस्तेमाल नहीं किया जाता है। खास ध्यान भी रखना होता है कि एकांत में रहकर भोजन ग्रहण किया जाए। प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती अपने सभी परिवारजनों को रसियाव रोटी का प्रसाद देते हैं। चावल का पिठ्ठा और घी लगी रोटी भी प्रसाद में दी जाती है। इसके बाद अगले दिन 36 घंटों के लिए व्रती निर्जला व्रत रखते हैं। मध्य रात्रि को व्रती छठ पूजा के लिए विशेष प्रसाद ठेकुआ बनाती हैं।




