November 4, 2026 9:01 am

जब अपने ही करें गुनाह तो कैसे थमे अपराध 

कृष्णानगर में हुई घटना के बाद एक बार फिर सच आया सामने 

बेरहम होमगार्ड ने मामूली कहासुनी के बाद पत्नी और बेटी को मारकर उतारा मौत के घाट 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। शायद ही कोई माह हो जब मासूम बच्चों से लेकर पुरुष या फिर महिलाएं अपनों का निशाना बन रही हैं। चंद रुपयों के खातिर और मामूली कहासुनी के बाद लोगबाग अपनों के ऊपर खंजर चलाकर मौत की नींद सुला दे रहे हैं। कृष्णानगर क्षेत्र बीते महीने में 27 वर्षीय राधा की सिर कूच कर हत्या कर दी गई इस घटना का पुलिस ने राजफाश किया तो अपने का ही चेहरा कातिल के रूप में उभर कर सामने आया था।

इस सनसनीखेज मामले को लेकर पुलिस शांत भी नहीं हो पाई थी कि नौ अक्टूबर 2026 को कृष्णानगर क्षेत्र के भोला खेड़ा में रहने वाले लखनऊ में तैनात होमगार्ड रवीन्द्र शंकर ने घरेलू विवाद को लेकर अपनी पचास वर्षीय पत्नी श्यामा दुलारी व 32 वर्षीय बेटी पूजा साहू को बेरहमी से कत्ल कर रिश्ते को कलंकित कर दिया। यह तो महज बानगी भर इससे पहले भी कई लोग अपनों का खून बहाने में पीछे नहीं रहे।

गौर करें सिर्फ श्यामा दुलारी व पूजा साहू हत्याकांड नहीं इससे पहले भी कई लोग अपनों की जान लेकर अपने हाथों को खून से लाल कर चुके हैं।

राजधानी लखनऊ में हुई घटनाओं पर नजर डालें तो वर्ष 2025 में नाका हिंडोला थाना क्षेत्र में होटल में ठहरे एक कलयुगी पिता-पुत्र ने मां व चार बहनों की हत्या कर सनसनी फैला दी थी।

सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में शराब के रुपए न देने पर एक नशेड़ी पति ने सिलबट्टे से वारकर पत्नी को मार डाला।

निगोहां थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने शक के आधार पर पत्नी की गला कसने के बाद ईंट से कूच कर मौत की नींद सुला दिया।

वर्ष 2025 में चिनहट क्षेत्र में एक युवती ने प्रेमी संग मिलकर मां का गला रेत कर कत्ल कर दिया।

जनवरी 2026 में नगराम थाना क्षेत्र में रिश्ते के भतीजे ने पूनम नाम की महिला की बेरहमी से हत्या कर दी।

एक अक्टूबर 2026 को नाका क्षेत्र में समलैंगिकता का विरोध करने पर एक किशोर ने अपने मां के सिर पर रिंच से वारकर बेरहमी से कत्ल कर सनसनी फैला दी थी। यह तो महज बानगी भर इससे पहले भी कई लोग अपनों का कत्ल कर रिश्ते को कलंकित कर चुके हैं।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!