August 8, 2026 2:14 am

जायदाद के विवाद में खून का रिश्ता शर्मसार: शराब के आदी बेटे ने की भाजपा मंडल अध्यक्ष पिता की निर्मम हत्या, आरोपी गिरफ्तार

उन्नाव। (संवाददाता) उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के चामारन खेड़ा माजरा ढाकोली गांव में शनिवार शाम एक कलयुगी बेटे ने जायदाद के विवाद और घरेलू कलह के चलते अपने भाजपा नेता पिता की कुल्हाड़ी

मृतक की फाइल फोटो

से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब पिता गांव के मंदिर में पूजा कर रहे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान 55 वर्षीय प्रमोद पासी उर्फ रेवती के रूप में हुई है, जो भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के हैदराबाद मंडल अध्यक्ष थे और खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

छोटे भाई झाब्बू और परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7:45 बजे प्रमोद पासी हमेशा की तरह गांव के मंदिर में पूजा करने गए थे। उन्होंने पहले शनि देव मंदिर में पूजा की और उसके बाद जब वह बरम बाबा की पूजा कर रहे थे, तभी पीछे से आए उनके बड़े बेटे सोनेलाल (36 वर्ष) ने कुल्हाड़ी से उनके सिर और गर्दन पर कई ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला इतना भयानक था कि प्रमोद पासी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी सोनेलाल को ग्रामीणों ने घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस प्रमोद पासी को तत्काल औरास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सोनेलाल शराब का आदी था और अक्सर घर में विवाद करता रहता था। वह अपनी पत्नी के साथ भी मारपीट करता था, जिसमें प्रमोद पासी हमेशा अपनी बहू का पक्ष लेते थे।

सोनेलाल चंडीगढ़ में रैपिडो बाइक टैक्सी चलाता था। वह 10 दिन पहले चंडीगढ़ से निकला था, लेकिन सीधे अपने गांव न जाकर पहले लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र स्थित अपनी ससुराल गया। वहाँ पत्नी और बेटी से मिलने के बाद वह 6 दिन पहले अपने पैतृक गांव पहुँचा था।

गांव आने के बाद से ही वह अपने पिता पर गांव की कुछ जमीन बेचकर उसे पैसे देने या जायदाद का हिस्सा अलग करने का दबाव बना रहा था। प्रमोद पासी इसके लिए तैयार नहीं थे। सोनेलाल अक्सर माता-पिता पर यह आरोप भी लगाता था कि परिवार उसके भविष्य और रोजगार की चिंता नहीं करता। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार कहासुनी हो रही थी।

प्रमोद पासी के परिवार में उनकी पत्नी देश कुमारी के अलावा चार बेटे (सोनेलाल, दीपक, मुकेश, विक्रम) और दो बेटियां हैं। सोनेलाल के तीनों छोटे भाई भी चंडीगढ़ में ही रहकर काम करते हैं। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

सीओ बांगरमऊ, हर्ष मोदी ने बताया कि पुलिस ने वारदात के तुरंत बाद आरोपी सोनेलाल को गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। मृतक की पत्नी देश कुमारी की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

 

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!