August 8, 2026 2:29 am

जालौन: मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, अवैध असलहा, कारतूस खोखा, चाकू, चापड़, मोटरसाइकिल व नकदी बरामद 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। जालौन जिले के कोच व एसओजी टीम और शातिर गौकशी करने वाले हिस्ट्रीशीटर जावेद उर्फ कल्ला व असगर उर्फ़ अग्गस के बीच मंगलवार रात कोच क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक जालौन ने बताया कि 11 जनवरी 2026 को कोतवाली कोच क्षेत्र के कुदरा खुर्द व कुदरा बुजुर्ग के बीच में खतों में गौवंश के अवशेष पड़े होने की सूचना मिली थी।

पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देश पर स्वाट टीम और इंस्पेक्टर कोच की संयुक्त टीम गौकशी करने वाले तस्करों की तलाश कर रही थी कि इसी दौरान मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि एक बार फिर इसी इलाके में कुछ लोग गौकशी करने की फिराक में हैं। इस सूचना पर पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी कि मंगलवार रात कोतवाली कोच क्षेत्र स्थित भेड़ इलाके में पुलिस और मोटरसाइकिल सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली जा धंसी, जिससे वह वहीं लड़खड़ाकर गिर पड़े। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार बदमाशों की पहचान जालौन जिले के कोच थाना क्षेत्र स्थित मोहल्ला आराजी निवासी 45 वर्षीय जावेद उर्फ कल्ला व 46 वर्षीय असगर उर्फ़ अग्गस के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक जालौन ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और इससे पहले भी गौकशी के मामले में सलाखों के पीछे जा चुके हैं। बताया गया कि गिरफ्तार असगर के खिलाफ कुल सात मुकदमे दर्ज हैं, जबकि कल्ला के खिलाफ कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और कोच थाने का हिस्ट्रीशीटर भी बताया जा रहा है। पुलिस को इनके पास से दो अवैध असलहा, कारतूस खोखा, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, चाकू व चापड़ के अलावा नकदी बरामद हुई है। इस गुड वर्क पर खुश होकर पुलिस अधीक्षक जालौन ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!