August 8, 2026 2:23 am

जिलाधिकारी से शिक्षकों को बीएलओ व पर्यवेक्षक ड्यूटी से मुक्त करने की करी मांग

मलिहाबाद लखनऊ। राजधानी लखनऊ की विकासखंड मलिहाबाद व माल सहित पूरे जिले के सैकड़ो शिक्षकों की ड्यूटी निर्वाचन कार्य में लगाए जाने से परिषदीय स्कूलों के बच्चों की शिक्षा पर गहरा असर पड़ रहा है।

जिसको देखते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ लखनऊ ने जिलाधिकारी से बूथ लेवल अधिकारी (BLO) एवं पर्यवेक्षक ड्यूटी से अतिशीघ्र मुक्त करने हेतु जिलाधिकारी कार्यालय में ACM 4 सचिन कुमार वर्मा को ज्ञापन सौंपा।

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि निर्वाचन कार्य हेतु अधिकांश शिक्षकों की ड्यूटी BLO व पर्यवेक्षक के रूप में लगाए जाने से विद्यालयों की शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है और निपुण भारत लक्ष्य की प्राप्ति में बाधा उत्पन्न हो रही है।

उन्होंने उच्च न्यायालय के आदेश एवं शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 का हवाला देते हुए कहा कि शिक्षकों से केवल तीन प्रकार के गैर शैक्षणिक कार्य यथा मतदान, जनगणना एवं आपदा प्रबंधन ही लिए जा सकते हैं। BLO ड्यूटी में लगाए जाना इन आदेशों के विपरीत है। उन्होंने अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारियों को निर्वाचन कार्य का दायित्व सौंपने की मांग की है।

जिला मंत्री बृजेश कुमार मौर्य ने मांग की है कि शिक्षकों को इस अतिरिक्त दायित्व से मुक्त कर प्राथमिकता के तौर पर विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना सुनिश्चित किया जाए।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!