एक महिला ने ही लुटवा दी आबरू
बहाने से नाबालिग बच्ची को घर में बुलाकर बनाया बंधक
ए अहमद सौदागर लखनऊ। आखिर समाज किधर जा रहा है, जिसे कोई अपना समझ रहा हो और दगा दे तो कैसे थमे अपराध। ऐसा ही एक मामला ठाकुरगंज क्षेत्र का प्रकाश में आया है, जहां एक कलयुगी महिला ने चंद रुपयों का लालच देकर एक नाबालिग लड़की की इज्जत लूटवा दी। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दे डाली। आपबीती लड़की ने मां से बयां की तो वह सन्न रह गई। बेटी के साथ हुई घटना की सूचना ठाकुरगंज पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया।
ठाकुरगंज क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने बीते 26 अप्रैल 2026 थाने पर लिखित तहरीर देकर बताया कि एक महिला ने उसकी नाबालिग बेटी को अपने कमरे में बुलाया और एक दानिश नाम के युवक को बुला लिया। आरोप है कि महिला ने पैसों का लालच देकर नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी हरकत कराई। विरोध करने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी तक दे डाली। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह चौहान के मुताबिक पीड़ित महिला की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ठाकुरगंज क्षेत्र के बालागंज स्थित बरौरा हुसैन बाड़ी निवासी मोहम्मद दानिश पुत्र मुश्ताक अली को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी दानिश मूल रूप से जनपद उन्नाव का रहने वाला है।




