पुलिस मुख्यालय में आयोजित हुईं शोक सभा
ए अहमद सौदागर लखनऊ। पुलिस मुख्यालय, गोमतीनगर विस्तार स्थित सभागार में आनन्द लाल बनर्जी, सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक के बीती छह मई एवं सुभाष चन्द्र गुप्ता, सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक के बीती 29 अप्रैल को हुये निधन को लेकर शोक-सभा का आयोजन किया गया।इस मौके पर डीजीपी राजीव कृष्ण सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों नें दिवंगत पुलिस अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।पूर्व डीजीपी स्वर्गीय आनन्द लाल बनर्जी का जन्म 26 दिसम्बर, 1954 को जनपद लखनऊ में हुआ था। वह वर्ष 1979 में “भारतीय पुलिस सेवा” चयनित हुये। प्रशिक्षण के उपरान्त वह प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त रहें।वह 28 फरवरी 2014 को पुलिस महानिदेशक के पद पर नियुक्त हुये तथा यहीं से इकतीस दिसम्बर 2014 को अपनी अधिवर्षता आयु पूर्णकर सेवानिवृत्त हुये। स्वर्गीय आनन्द लाल बनर्जी का दुःखद निधन 06 मई 2026 को हो गया।स्वर्गीय आनन्द लाल बनर्जी ने सेवाकाल में पूर्ण निष्ठा व लगन से कार्य सम्पादित कर पुलिस विभाग को गौरवान्वित किया। उनका लगभग 35 वर्षों से अधिक का सेवाकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। सेवाकाल के दौरान उन्हें गणतंत्र दिवस 2002 के अवसर पर ‘‘दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं के लिये पुलिस पदक’’ तथा गणतन्त्र दिवस 2009 के अवसर पर “विशिष्ट सेवाओं के लिये राष्ट्रपति का पुलिस पदक” से सम्मानित किया गया है। वह अपनी उपलब्धियों के लिये सदैव हमारी स्मृति में बने रहेंगे।
सराहनीय रहा आईपीएस सुभाष चंद्र गुप्ता का कार्यकाल
स्वर्गीय सुभाष चन्द्र गुप्ता का जन्म 13 मार्च, 1948 को जनपद एटा में हुआ था। वर्ष 1973 में “प्रान्तीय पुलिस सेवा” में चयनित हुये। प्रशिक्षण के उपरान्त प्रदेश में विभिन्न पदों पर नियुक्त रहे तथा वर्ष 1989 में “भारतीय पुलिस सेवा” में प्रोन्नत होकर विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुये 31 मार्च 2008 को अपनी अधिवर्षता आयु पूर्णकर सेवानिवृत्त हुये। सुभाष चन्द्र गुप्ता का 29 मई 2026 को दुःखद निधन हो गया।स्वर्गीय सुभाष चन्द्र गुप्ता ने सेवाकाल में पूर्ण निष्ठा व लगन से कार्य सम्पादित कर पुलिस विभाग को गौरवान्वित किया है। उनका लगभग 34 वर्षों से अधिक का सेवाकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। सेवाकाल के दौरान उन्हें स्वतंत्रता दिवस 1994 के अवसर पर ‘दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं के लिये पुलिस पदक’ तथा गणतन्त्र दिवस 2001 के अवसर पर ‘विशिष्ट सेवाओं के लिये राष्ट्रपति का पुलिस पदक’ से सम्मानित किया गया है। वह अपनी उपलब्धियों के लिये सदैव हमारी स्मृति में बने रहेंगे।




