July 30, 2026 7:00 am

दुखद: मलिहाबाद में 8वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

मलिहाबाद, लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के थाना रहीमाबाद क्षेत्र के अंतर्गत एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहाँ मंगलवार को कक्षा 8 की एक छात्रा ने घर के भीतर कुंडे से साड़ी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और विधिक कार्रवाई पूरी की।

मृतक छात्रा के पिता पिंटू (पुत्र द्वारका) ने बताया कि मंगलवार का दिन परिवार के लिए किसी काल से कम नहीं था। सुबह पिंटू गांव में ही एक निर्माण कार्य (लिंटर डालने) में हाथ बंटाने गए थे, जबकि उनकी पत्नी काम के सिलसिले में लखनऊ गई हुई थी। घर के दोनों बेटे स्कूल चले गए थे और बुजुर्ग दादी खेत पर काम करने गई थीं।

घर में 15 वर्षीय पुत्री अनन्या अकेली थी। दोपहर में जब पिता पानी पीने के लिए घर लौटे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। अनहोनी की आशंका होने पर जब वे छत के रास्ते घर के भीतर पहुंचे, तो कमरे का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अनन्या का शव दीवार के कुंडे में साड़ी के फंदे से लटक रहा था।

पिता के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्राम प्रधान की सूचना पर रहीमाबाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए लखनऊ भेजा।

मृतक अनन्या अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके दो छोटे भाई, वीरू और सूर्या, तथा माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद जब छात्रा का शव गांव पहुंचा, तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गमगीन माहौल में परिजनों ने मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर छात्रा ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!