तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज
ए अहमद सौदागर लखनऊ। दुबग्गा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक दबंग युवक पर अपनी बहन और बहनोई की मदद से 19 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगा है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़ित पिता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी पुत्री बीते 11 मई की रात करीब 2:30 बजे घर में सो रही थी। इसी दौरान सराएं प्रेमराज गांव का रहने वाला अनुज नामक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन युवती का कहीं पता नहीं चला।पीड़ित पिता का आरोप है कि आरोपी अनुज अक्सर गली में उनकी बेटी से बात करने की कोशिश करता था। पूर्व में पकड़े जाने पर उसे हिदायत दी गई थी, लेकिन उसने सुधारने के बजाय धमकी दी थी कि वह युवती को भगा ले जाएगा। इस पूरे कृत्य में अनुज के साथ विक्रम, गौरव धोबी, उसकी बहन नीलम और बहनोई मोहित (निवासी रामपुर, काकोरी) की मिलीभगत की बात भी सामने आई है।घटना के बाद से युवती के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पिता का कहना है कि आरोपी के परिजनों और बड़े भाई अमित ने पहले जिम्मेदारी ली थी कि ऐसी हरकत दोबारा नहीं होगी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने घटना को अंजाम दे दिया।
दुबग्गा थाना पुलिस नें 12 मई को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दुबग्गा श्रीकांत राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर उचित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। युवती की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी |


