ए अहमद सौदागर लखनऊ । दुबग्गा पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने महज 48 घंटों के भीतर चोरी की गई दो एक्टिवा स्कूटी बरामद कर एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
इंस्पेक्टर दुबग्गा श्रीकांत राय के मुताबिक बुधवार 13 मई 2026 को पुलिस टीम मछली मंडी रोड के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर 41 वर्षीय शब्बू आलम, पुत्र नूरुल हसन, को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी की दो स्कूटी बरामद की गईं।पहली घटना 10 मई को हुई जब शोएब मिर्ज़ा ने अपनी सिल्वर रंग की स्कूटी (UP 32 KD 8994) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके दो दिन बाद ही, 12 मई को मोहम्मद सरताज की ग्रे रंग की स्कूटी (UP 32 KD 9759) भी चोरी हो गई। चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त शब्बू आलम के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 303(2), 317(2) और 317(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत राय, उप-निरीक्षक धीरज भारद्वाज, आरक्षी विपिन कुमार मौर्या, सतीश चौहान, शैलेश यादव, ओमेश कुमार वर्मा और महिला आरक्षी लक्ष्मी रही शामिल ।




