लखनऊ। (ए.पी.एन. संवाददाता) हजरतगंज क्षेत्र मे एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। युवक गोमती रेजीडेंसी में सुरक्षा कर्मचारी के तौर पर काम करता है। वह देर रात घर नहीं पहुंचा और शनिवार सुबह युवक का शव छत पर मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक अमित पांडेय (30) पुत्र सत्येंद्र पांडेय गोमती रेजीडेंसी में गार्ड व क्लीनर की नौकरी करता है। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था। शुक्रवार रात को वह घर नहीं पहुंचा तो पत्नी ने कई बार फोन कॉल किया लेकिन अमित ने फोन नहीं उठाया।
सुबह जब उसकी तलाश की जाने लगी तो वह छत पर ही मृत अवस्था में पाया गया। घबराई पत्नी ने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। बताया जा रहा है कि युवक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं।
मृत युवक के परिजनों ने उसकी हत्या की अशंका जताई है। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्टर आने के बाद सब पता चल जाऐगा। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।




