यूपी एसटीएफ नें 50 लाख की कीमत का माल किया बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी एसटीएफ ने मादक पदार्थ तस्कर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देवरिया से 1.39 कुंतल गांजा के साथ एक तस्कर को दबोचा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद गांजे की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि असम से चावल की बोरी में छिपाकर ट्रक से भारी मात्रा में गांजा देवरिया लाया जा रहा है।
सूचना पर निरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम ने ग्राम पडौली, समरहा पोखरा, नूनखार, भटनी से खुखुंदू रोड थाना खुखुंदू जनपद देवरिया में घेराबंदी कर ट्रक को रोका। तलाशी में चावल के कन्नी की बोरियों में छिपा 1.39 कुंतल गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी बृजपाल सिंह पुत्र कैलाश सिंह निवासी सौंडाला, फरीदपुर, कूटीखाना, जनपद अमरोहा के पास से 1.39 कुंतल गांजा व ट्रक एक मोबाइल व एक डीएल व आधार कार्ड, 3900 रुपये नकद और एक एटीएम कार्ड बरामद किया।
पूछताछ में बृजपाल ने बताया कि वह मुरादाबाद से ट्रक में सामान लोड कर असम गया था। वहां पूर्व परिचित अमरनाथ से संपर्क कर ट्रक में गांजा लोड कराया। अमरनाथ ने ही बताया था कि देवरिया पहुंचने पर फोन कर बताया जाएगा कि माल कहां सप्लाई करना है।
अपर पुलिस अधीक्षक सत्यसेन यादव के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई हुई। आरोपी के खिलाफ थाना खुखुंदू में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।





