लखनऊ। (संवाददाता) चौक क्षेत्र के गोमती नदी पर ब्रिटिशकालीन ऐतिहासिक पक्का पुल के समीप बनने वाले चार लेन नवीन सेतु का रविवार को क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। कुल 9289.41 लाख रुपये की लागत से बन रहे सेतु का कार्य जून 2027 तक पूर्ण होगा।
इस मौके पर डा. नीरज बोरा ने बताया कि 111 साल पुराने वर्तमान लाल पुल (पक्का पुल) पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद होने से लोगों को असुविधा हो रही थी। डबल इंजन सरकार ने इस नये पुल की सौगात देकर क्षेत्र की बहुसंख्या आबादी को राहत पहुंचाई है। उन्होंने बताया कि नया पुल दोनों तरफ बन्धों के बीच पूर्व निर्मित आर्च सेतु की भांति ही होगा। लगभग 180 मीटर लम्बे और 20 मीटर चौड़े सेतु के दोनों ओर फुटपाथ तथा 326 मीटर पहुंच मार्ग भी बनेगा।
इस मौके पर भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोहर सिंह, रामप्रकाश शुक्ला, रामऔतार कनौजिया, सौरभ वाल्मीकि, मण्डल अध्यक्षगण दयाशंकर पाण्डेय,नीरज यादव, दुर्गेश पाण्डेय,अनुराग श्रीवास्तव, पार्षद सीबी सिंह, पार्षद मुन्ना मिश्रा, रंजीत सिंह, अनुराग मिश्र अन्नू, अवधेश त्रिपाठी आदि के साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के अधिकारी, अभियन्ता समेत भारी संख्या में क्षेत्रीय भाजपा नागरिक उपस्थित रहे।




